हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर की टक्कर से तीन की मौत, कई घायल

हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर की टक्कर से तीन की मौत, कई घायल

हजारीबाग। हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसा चरही के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाटों मोड़ के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर के अनियंत्रित होने से एक के बाद एक कई वाहन उसकी चपेट में गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से रहा ट्रेलर अचानक नियंत्रण खो बैठा और सबसे पहले सड़क पर चल रहे एक टेंपो से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रेलर आगे बढ़ते हुए सामने से रही “सागर” नाम की यात्री बस से जा भिड़ा। जोरदार टक्कर के कारण बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और यात्रियों में अफरातफरी मच गई।

हादसे के बाद भी ट्रेलर की रफ्तार नहीं थमी और उसने सड़क किनारे खड़े एक 407 मालवाहक वाहन को भी टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रेलर सड़क किनारे लगी छोटी दुकानों की ओर मुड़ गया और फल पान की गुमटी को भी रौंद डाला। इस दौरान दुकान पर मौजूद फल विक्रेता उदय सिंह (27) ट्रेलर के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, दुर्घटना में घायल दो अन्य लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चरही थाना की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया। बस में सवार यात्रियों को भी दूसरी गाड़ियों से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।

चरही थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रेलर के अनियंत्रित होने के पीछे क्या वजह रही।

 
 
Views: 8
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND

 

Related Posts