युवक की गोली मारकर हत्या
दाउदनगर (औरंगाबाद)। औरंगाबाद में लालू यादव के करीबी पूर्व विधायक के बेटे दिवाकर (35) की शुक्रवार रात हत्या कर दी गई। अरवल से राजद के पूर्व विधायक रवींद्र सिह के छोटे बेटे दिवाकर कुमार को 4 गोलियां मारी गईं। हत्या के वक्त दिवाकर खलिहान में सो रहा था। दिवाकर की मां ने पूर्व विधायक पर ही हत्या कराने का आरोप लगाया है। विधायक की पहली पत्नी और दिवाकर की मां उषा शरण ने दावा किया कि रवींद्र सिह के गुर्गों ने ही उनके बेटे की हत्या की है। हम दोनों मां-बेटे उनके अफ़ेयर और गलत हरकतों का विरोध करते थे। दाउदनगर नगर के हिछन बिगहा गांव में शुक्रवार की रात अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है। घटना को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने गांव की बिजली काट दी थी। इसी गांव में लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की शादी भी हुई है। रवींद्र सिह राजद सुप्रीमो लालू यादव के करीबी बताए जाते हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधी फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों का आक्रोश झेलना पड़ा। जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पूरे गांव में पुलिस कैंप कर रही है। दिवाकर गांव के पास ही दालान पर सोता था। वहां मुर्गी फार्म भी है। कुछ लोग और साथ में सोते थे। रोज की तरह खाना खाकर शुक्रवार की रात भी वह सोने गया था। इसी दौरान रात में अपराधी पहुंचे और गोली मार दी। थोड़ी देर बाद गांव के ही पिटू कुमार का बेटा गूंजन पहुंचा। जिसने फोन पर अपने पिता को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पिटू मौके पर पहुंचा और शव ढूंढने लगा। काफी खोजबीन करने पर पुआल से शव मिला। पूर्व विधायक की पहली पत्नी उषा शरण ने अपने पति रवींद्र सिह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि पहले से सब कुछ ठीक था, लेकिन पहली बार 1995 में विधायक बनने के बाद से रवींद्र सिह का अफ़ेयर शुरू हो गया। उषा सिह ने विधायक के कई महिलाओं से अफ़ेयर होने का आरोप लगाया। कहा जब हमने इसका विरोध किया तो उन्होंने तलाक देने की बात कही। मैं पति के रहते हुए उनकी प्रताड़ना के कारण 25 सालों से सिदूर नहीं करती हूं। मेरे बेटे की हत्या विधायक के इशारों पर ही की गई है। इस संबंध में दाउदनगर एसडीपीओ कुमार ऋषि राज ने बताया कि गोली मारकर हत्या की गई है। मौके से दो खोखा बरामद हुआ है। तहकीकात की जा रही है। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। गौरतलब है कि जिस गांव में घटना को अंजाम दिया गया है। उसी गांव में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य का ससुराल है और पूर्व विधायक रवींद्र सिह लालू यादव के करीबी माने जाते हैं। राजद की टिकट से रवींद्र सिह दो बार चुनाव जीत चुके हैं। दो बार विधायक रहे रवींद्र सिह के बेटे की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस हत्यारे को पकड़ने के लिए सोन तटीय इलाकों में छापेमारी कर रही है। अरवल-औरंगाबाद जिला के बॉर्डर होने के कारण अपराधी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए हैं।
About The Author
