औरंगाबाद: बेल मोड़ के पास स्कॉर्पियो की टक्कर से ऑटो पलटा, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल
औरंगाबाद। औरंगाबाद-पचरुखिया मुख्य पथ पर ओबरा प्रखंड के बेल मोड़ के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से एक ऑटो पलट गया। इस हादसे में ऑटो सवार आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान औरंगाबाद शहर के गंज मोहल्ला निवासी मजहर, जोहरा सुल्ताना, सामा परवीन, गुलशन खातून, मोइन अंसारी, सिफा, जहान समेत अन्य लोगों के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सभी लोग ऑटो रिजर्व कर हसपुरा थाना क्षेत्र के अमझर शरीफ चादर चढ़ाने जा रहे थे। इसी दौरान बेल मोड़ के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया और उसमें सवार सभी यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, कुछ घायलों की हालत गंभीर
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। कुछ घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। कुछ घायलों को उनके परिजन हायर सेंटर लेकर चले गए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
About The Author
