मदनपुर के इंडियन बैंक में अफरा-तफरी, मिसफायर से रिकवरी एजेंट की मौके पर मौत
बंदूक साफ कर रहा था सुरक्षा गार्ड, अचानक चली गोली
औरंगाबाद। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र स्थित ऊंचौली गांव के इंडियन बैंक शाखा में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे से हड़कंप मच गया। बैंक परिसर में ड्यूटी के दौरान सिक्योरिटी गार्ड की दोनाली बंदूक से अचानक गोली चल जाने से बैंक के रिकवरी एजेंट की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के माधव खाप गांव निवासी राजेंद्र पासवान के रूप में हुई है। वह इंडियन बैंक में रिकवरी एजेंट के तौर पर कार्यरत थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह बैंक खुलने के बाद सिक्योरिटी गार्ड अभय कुमार सिंह अपनी दोनाली बंदूक की सफाई कर रहा था।
इसी दौरान अचानक बंदूक से मिसफायर हो गया और गोली पास में मौजूद राजेंद्र पासवान के पेट में जा लगी। गोली लगते ही बैंक परिसर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में बैंक के असिस्टेंट मैनेजर श्याम बिहारी प्रसाद सहित अन्य कर्मचारियों ने घायल राजेंद्र पासवान को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मदनपुर पहुंचाया। हालांकि, वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बैंक मैनेजर संजीत कुमार निराला तथा सिक्योरिटी गार्ड से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हर पहलू पर छानबीन की जा रही है।
वहीं बैंक मैनेजर संजीत कुमार निराला ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड पानी पीने के बाद जैसे ही बंदूक उठाया, उसी दौरान अचानक गोली चल गई और पास में खड़े रिकवरी एजेंट को लग गई। शुरुआती जांच में घटना को मिसफायर माना जा रहा है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
About The Author
