यज्ञ से लौट रही मासूम को तेज रफ्तार हाइवा ने कुचला, पांच वर्षीय बच्ची की मौत, मां-बेटी गंभीर

यज्ञ से लौट रही मासूम को तेज रफ्तार हाइवा ने कुचला, पांच वर्षीय बच्ची की मौत, मां-बेटी गंभीर

औरंगाबाद। जिले के हसपुरा प्रखंड क्षेत्र में सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। फतेहपुर-सिहाड़ी मार्ग पर तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से पांच वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर प्रदर्शन किया और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग उठाई। मृत बच्ची की पहचान फतेहपुर गांव निवासी इंद्र कुमार की पांच वर्षीय पुत्री प्रतीक्षा कुमारी के रूप में हुई है। हादसे में उसकी मां सीता देवी और बड़ी बहन इच्छा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज दाउदनगर के अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

महायज्ञ से लौटते समय हुआ हादसा

ग्रामीणों के अनुसार सिहाड़ी गांव में इन दिनों महायज्ञ का आयोजन चल रहा है। सोमवार की रात सीता देवी अपनी दोनों बेटियों और अन्य ग्रामीणों के साथ प्रवचन सुनने गई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर-सिहाड़ी मार्ग पर सड़क पार करते समय तेज गति से आ रहे एक हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रतीक्षा कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बहन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

परिवार के सपनों पर टूटा दुखों का पहाड़

घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृत बच्ची के चाचा कुंदन कुमार ने बताया कि प्रतीक्षा बेहद होनहार, चंचल और सभी की प्रिय बच्ची थी। उसके पिता इंद्र कुमार गुजरात के सूरत शहर में एक साड़ी फैक्ट्री में काम करते हैं और अपनी दोनों बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाकर बड़ा अधिकारी बनाने का सपना देख रहे थे। उन्होंने कहा कि एक पल में यह हादसा पूरे परिवार की खुशियां छीन ले गया। प्रतीक्षा गांव में सभी की लाडली थी और उसकी असमय मौत से पूरा गांव शोक में डूब गया है।

ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

हादसे से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने रात करीब साढ़े दस बजे सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में भारी वाहन बेलगाम गति से चलते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक परिवार को उचित मुआवजा तथा सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

प्रशासन ने कराया जाम समाप्त

घटना की सूचना मिलते ही हसपुरा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया तथा दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद मंगलवार तड़के करीब तीन बजे सड़क जाम समाप्त कराया जा सका और यातायात बहाल हुआ। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार हाइवा चालक और वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

Views: 7
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND