लहसुना थाना में भावुक विदाई समारोह, खुशबू खातून को सम्मानित कर नए थानाध्यक्ष बिक्रम कुमार का किया गया स्वागत

लहसुना थाना में भावुक विदाई समारोह, खुशबू खातून को सम्मानित कर नए थानाध्यक्ष बिक्रम कुमार का किया गया स्वागत

मसौढ़ी। अनुमंडल क्षेत्र के लहसुना थाना परिसर में बुधवार को एक गरिमामय सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निवर्तमान थानाध्यक्ष खुशबू खातून को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नवपदस्थापित थानाध्यक्ष बिक्रम कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर दोनों अधिकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान कराय पंचायत के मुखिया पिंकू सिंह, निशियावा पंचायत के मुखिया चंदन भारती, पूर्व प्रखंड प्रमुख रमाकांत रंजन किशोर, भाजपा नेता संजय केसरी, विद्या एजुकेशनल के निदेशक राहुल चंद्र समेत कई गणमान्य लोगों ने खुशबू खातून को फूल-माला, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कम समय में अपनी कार्यशैली, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा से आम लोगों का विश्वास जीता।

मुखिया पिंकू सिंह ने कहा कि खुशबू खातून ने पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का कार्य किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समाधान किया। यही कारण है कि वे अल्प अवधि में ही क्षेत्र के लोगों के बीच लोकप्रिय हो गईं। वक्ताओं ने कहा कि उनकी कार्यशैली अन्य पुलिस अधिकारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। अपने संबोधन में खुशबू खातून ने क्षेत्र के लोगों, जनप्रतिनिधियों और थाना कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लहसुना थाना क्षेत्र में कार्य करते हुए उन्हें हर वर्ग का सहयोग मिला। जनता के सहयोग और टीम वर्क की बदौलत ही विभिन्न चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया जा सका। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत होने पर ही बेहतर कानून-व्यवस्था कायम की जा सकती है।

नए थानाध्यक्ष ने अपराध और शराबबंदी पर सख्ती का दिया भरोसा

नवपदस्थापित थानाध्यक्ष बिक्रम कुमार ने पदभार ग्रहण करने के बाद क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखते हुए अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जाएगा तथा अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

Views: 10
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND