पटना में घर के अंदर चार लोग जिंदा जले, दामाद पर आग लगाने का आरोप
सास, ससुर, पत्नी और बच्चा गंभीर रूप से झुलसे
पटना। पटना शहर में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक घर के अंदर एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से झुलसी हालत में मिले। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दामाद ने सास, ससुर, पत्नी और एक बच्चे को आग के हवाले कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घर से उठती लपटें देख मची अफरा-तफरी
घटना पटना सिटी इलाके की राजा बाबू खाटू श्याम गली की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब साढ़े दस बजे अचानक घर से तेज आग की लपटें और धुआं निकलता दिखाई दिया। यह देखकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने बताया कि जब वे घर के अंदर पहुंचे तो चार लोग बुरी तरह झुलसे हुए थे। इसके बाद तुरंत पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। संकरी गली होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी परेशानी हुई, लेकिन स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए सभी को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
सास, ससुर, पत्नी और बच्चा गंभीर रूप से झुलसे
मकान मालिक गोविंद अग्रवाल ने बताया कि आग में उनके पिता पुरुषोत्तम अग्रवाल, मां नीलम देवी, पत्नी मुन्नी देवी और एक बच्चा गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी को इलाज के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
दामाद पर गंभीर आरोप
परिवार के लोगों ने आरोप लगाया है कि दामाद घर में घुसा और सभी को आग लगाकर फरार हो गया। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पटना सिटी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके। अधिकारियों के अनुसार, परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
About The Author
