उन्नाव एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, डबल डेकर बस पलटी; दरोगा और कैदी समेत 6 की मौत
कैदी को सीवान से पेशी के लिए गुरुग्राम लेकर गई थी पुलिस
पटना। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मियों समेत 21 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर औरास थाना क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 262 के पास हुआ, जहां बिहार जा रही एक डबल डेकर वातानुकूलित बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार बस के चालक को झपकी आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलटकर एक्सप्रेस-वे की रेलिंग पर लटक गई। हादसा इतना भयावह था कि कई यात्री बस की खिड़कियों से बाहर सड़क किनारे ढलान पर जा गिरे।
मृतकों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर शामिल हैं। बताया गया कि सीवान पुलिस की टीम 24 मई को कैदी को पेशी के लिए गुरुग्राम लेकर गई थी और वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। अन्य चार मृतकों की पहचान देर शाम तक नहीं हो सकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद बस के अंदर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग सबसे पहले मदद के लिए पहुंचे और बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। कई घायल सड़क किनारे पड़े दर्द से कराहते रहे। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं।
राहत और बचाव अभियान के दौरान करीब 27 घायलों को एंबुलेंस की सहायता से पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने छह यात्रियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। कुछ घायलों का इलाज जिला अस्पताल में भी चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस में लगभग 30 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकतर यात्री बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के रहने वाले थे। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
About The Author
