NEET पेपर लीक और परीक्षा घोटालों के खिलाफ जंतर-मंतर पर करोच जनता पार्टी का शक्ति प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में करोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की मौजूदगी में हजारों समर्थक और छात्र प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाई।
अमेरिका से सीधे दिल्ली पहुंचे अभिजीत दीपके
पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह करीब 7:45 बजे अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनके समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद रही। हालांकि विमान से उतरने के बाद उन्हें बाहर आने में लगभग एक घंटे का समय लगा। इस देरी के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही अभिजीत दीपके ने हाथ में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुस्तक उठाकर समर्थकों का अभिवादन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
जंतर-मंतर पर पहला बड़ा आंदोलन
जंतर-मंतर पर आयोजित यह CJP का पहला बड़ा राष्ट्रीय प्रदर्शन माना जा रहा है। पार्टी का कहना है कि NEET-UG पेपर लीक, CBSE परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियां, CUET परीक्षा में तकनीकी समस्याएं और SSC-GD भर्ती प्रक्रिया में सामने आए विवादों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लगातार हो रही अनियमितताओं के बावजूद सरकार प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। इसी वजह से पार्टी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को आंदोलन का मुख्य मुद्दा बनाया है।
हजारों छात्रों और युवाओं की भागीदारी
देश के विभिन्न राज्यों से छात्र, अभिभावक और युवा संगठन के सदस्य दिल्ली पहुंचे हैं। प्रदर्शन स्थल पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों का जुटना शुरू हो गया था। हाथों में तिरंगा, संविधान की प्रतियां और विभिन्न मांगों से जुड़े पोस्टर लेकर प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में सुधार, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
समर्थकों के लिए जारी की गई विशेष गाइडलाइन
प्रदर्शन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए CJP ने अपने समर्थकों के लिए विशेष गाइडलाइन जारी की है। पार्टी ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों से कुछ आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। गाइडलाइन के अनुसार समर्थकों से कहा गया है कि वे धूप से बचाव के लिए सनस्क्रीन लगाकर आएं, घर से नाश्ता करके निकलें, अपने साथ पानी रखें और हाथ में तिरंगा, फूल तथा पुस्तक लेकर आएं। इसके अलावा शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने की सलाह दी गई है।
शिक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
CJP नेताओं का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और प्रशासनिक गड़बड़ियों की घटनाओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका आरोप है कि लाखों छात्र वर्षों की मेहनत के बाद भी निष्पक्ष परीक्षा और पारदर्शी चयन प्रक्रिया से वंचित हो रहे हैं।
About The Author
