94 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खातों में भेजे गए 1100 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री ने किया डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरण

94 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खातों में भेजे गए 1100 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री ने किया डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरण

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए राज्य के 94 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1100 रुपये प्रति माह की दर से लगभग 1100 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के गरीब, वंचित, वृद्ध, विधवा और दिव्यांग नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से उन्हें आर्थिक संबल उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्व में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये प्रतिमाह थी, जिसे बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह किया गया है। इस निर्णय से लाखों जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजन, सभी विधवा महिलाएं तथा दिव्यांगजन विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के अवसर पर राज्य के 94 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में यह राशि भेजी गई है। इससे जरूरतमंद लोगों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध हो सकेगी।

हर माह 10 तारीख को मिलेगी पेंशन

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब राज्य सरकार प्रत्येक माह की 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजती रहेगी। इससे लाभुकों को समय पर सहायता मिलने के साथ-साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी यह प्रयास लगातार जारी रहेगा।

पात्र लोग शीघ्र करें आवेदन

मुख्यमंत्री ने ऐसे सभी वरिष्ठ नागरिकों से अपील की, जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक है और जिन्हें अभी तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, वे जल्द आवेदन करें। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों का आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक नहीं होने के कारण पेंशन का लाभ बाधित हो रहा है, वे शीघ्र आधार लिंक कराकर योजना का लाभ प्राप्त करें।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह तथा बिहार के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास, सभी जिलों के जिलाधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी जुड़े रहे। सरकार का मानना है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए एक मजबूत सहारा हैं और इनके माध्यम से लाखों परिवारों को नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Views: 14
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND