साइकिल सवार को बचाने में दो गाड़ियों की भीषण टक्कर, 4 की मौत, कई घायल

अररिया-पूर्णिया मार्ग पर दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के तीन लोगों की गई जान

साइकिल सवार को बचाने में दो गाड़ियों की भीषण टक्कर, 4 की मौत, कई घायल

अररिया। अररिया-पूर्णिया मुख्य मार्ग पर कुसियार गांव स्थित पार्क के समीप बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक ने अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे रेलिंग से टकराई और फिर सामने से आ रही मारुति ब्रेजा से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर ही साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

मृतकों की पहचान पूर्णिया जिले के बिशनपुर गांव निवासी 60 वर्षीय मयानंद झा, 60 वर्षीय शांति देवी तथा उनके 49 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। शांति देवी और गौतम मां-बेटे थे, जबकि मयानंद झा उनके देवर बताए जाते हैं। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले साइकिल सवार की पहचान अररिया जिले के गैयारी गांव निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद कोनेन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में एक ही परिवार के छह सदस्य सवार थे। सभी लोग मधेपुरा जिले के रामनगर में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब 11:30 बजे हुई। स्कॉर्पियो काफी तेज गति से चल रही थी और उसकी रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक बताई जा रही है।

वहीं मारुति ब्रेजा की रफ्तार लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटा थी। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर चल रहे साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो चालक ने अचानक वाहन मोड़ा, जिससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन में सवार लोग बुरी तरह फंस गए। पुलिस के मुताबिक हादसे में स्कॉर्पियो में सवार छह लोग और ब्रेजा में सवार चार लोग घायल हुए हैं। इनमें से तीन लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को वाहनों से निकालकर एंबुलेंस की मदद से अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Views: 14
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND