औरंगाबाद : बेटी का इलाज कराने जा रहे शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, 11 वर्षीय पुत्री घायल
औरंगाबाद। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिक्षक की जान चली गई, जबकि उनकी 11 वर्षीय पुत्री घायल हो गई। यह हादसा दर्जी बिगहा मोड़ के समीप एनएच-19 पर हुआ। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान बंगरे गांव निवासी और बादम प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक प्रमोद मेहता (45) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रमोद मेहता अपनी पुत्री निधि कुमारी (11) को इलाज के लिए बाइक से औरंगाबाद ले जा रहे थे। परिजनों ने बताया कि निधि को निमोनिया की शिकायत थी और उसकी तबीयत खराब होने के कारण उसे चिकित्सक को दिखाने के लिए औरंगाबाद ले जाया जा रहा था। इसी दौरान दर्जी बिगहा मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्री दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल मदनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने प्रमोद मेहता की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर गया जा रहे थे, लेकिन आमस के समीप रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो जाने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घायल पुत्री निधि कुमारी का इलाज मदनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
प्रमोद मेहता की असामयिक मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी, दो पुत्रियों और एक पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रमोद मेहता एक मिलनसार, सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक थे। उन्होंने वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दीं और विद्यार्थियों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और शिक्षक उनके घर पहुंच गए तथा परिजनों को सांत्वना दी। बंगरे गांव में दिनभर शोक का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने कहा कि प्रमोद मेहता का निधन केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र और शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
About The Author
