ड्यूटी पर जा रहे कार्यपालक सहायक की सड़क हादसे में मौत, ट्रैक्टर की टक्कर से गई जान
औरंगाबाद। जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ओबरा प्रखंड कार्यालय में कार्यरत कार्यपालक सहायक रंजीत कुमार (40) की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, दाउदनगर थाना क्षेत्र के भगवान बिगहा गांव निवासी रंजीत कुमार अपने मित्र अरुण कुमार उर्फ गुड्डू के साथ बाइक से ओबरा प्रखंड कार्यालय ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पिराही बाग के समीप पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रंजीत कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अरुण कुमार का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। रंजीत कुमार वर्ष 2014 से कार्यपालक सहायक के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में ओबरा प्रखंड कार्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे थे। अपने मिलनसार स्वभाव, ईमानदार कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा के कारण वे सहकर्मियों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही प्रखंड कार्यालय में शोक का माहौल छा गया।
मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जाता है कि करीब दो वर्ष पूर्व उनके पिता जयनारायण सिंह का भी निधन हो गया था। अब रंजीत की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से गांव में भी मातम का माहौल है। हादसे की सूचना मिलते ही कार्यपालक सहायक संघ के कई सदस्य और उनके सहयोगी अस्पताल पहुंच गए। सहकर्मी श्रवण कुमार, छोटू कुमार समेत अन्य कर्मचारियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया।
वहीं घटना की जानकारी मिलने पर अंचलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, एसआई अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे में शामिल ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
About The Author
