सम्राट सरकार ने लालू-राबड़ी की जेड प्लस सुरक्षा की खत्म,अब मिलेगी बिहार पुलिस की विशेष सुरक्षा व्यवस्था

सम्राट सरकार ने लालू-राबड़ी की जेड प्लस सुरक्षा की खत्म,अब मिलेगी बिहार पुलिस की विशेष सुरक्षा व्यवस्था

पटना। बिहार सरकार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। दोनों को दी जा रही जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा समाप्त कर अब बिहार पुलिस की विशेष सुरक्षा व्यवस्था प्रदान की गई है। इस फैसले के बाद राज्य की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। नई व्यवस्था के तहत लालू प्रसाद यादव को सुरक्षा वाहनों का काफिला, बुलेटप्रूफ वाहन, अग्रिम सुरक्षा वाहन तथा आवश्यक संख्या में सुरक्षा कर्मी उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं राबड़ी देवी को भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत सुरक्षा गार्ड, महिला अंगरक्षक, सुरक्षा वाहन और बुलेटप्रूफ वाहन की सुविधा मिलती रहेगी।

तेज प्रताप की सुरक्षा में भी कटौती

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव की सुरक्षा व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। उन्हें पहले प्राप्त वाई श्रेणी की सुरक्षा समाप्त कर दी गई है। अब उनकी सुरक्षा के लिए केवल एक अंगरक्षक तैनात रहेगा।

तेजस्वी यादव की सुरक्षा यथावत

हालांकि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा व्यवस्था में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। उन्हें पहले की तरह वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिलती रहेगी। नई व्यवस्था के तहत उनकी सुरक्षा में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के आवासीय सुरक्षा कर्मी, जिला पुलिस बल के अंगरक्षक और सुरक्षा दल शामिल रहेंगे। उन्हें पूर्व की भांति सुरक्षा प्रदान की जाती रहेगी।

मीसा भारती और राजश्री की सुरक्षा भी बरकरार

राज्यसभा सांसद मीसा भारती की सुरक्षा व्यवस्था में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्हें पहले की तरह तीन अंगरक्षक उपलब्ध रहेंगे। वहीं तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव को एक महिला अंगरक्षक की सुरक्षा मिलती रहेगी।

लालू और राबड़ी को मिलेगी विशेष सुरक्षा

नई व्यवस्था के अनुसार लालू प्रसाद यादव को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के आवासीय सुरक्षा कर्मी, जिला पुलिस के अंगरक्षक, त्वरित सुरक्षा दल का अग्रिम सुरक्षा वाहन, बुलेटप्रूफ वाहन तथा सुरक्षा काफिले की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं राबड़ी देवी को महिला और पुरुष सुरक्षा कर्मियों के साथ अग्रिम सुरक्षा वाहन, सुरक्षा काफिला और बुलेटप्रूफ वाहन की सुविधा मिलेगी। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद यह बदलाव लागू किया गया है। 

Views: 18
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND