बिहार में सुधा दूध हुआ महंगा, कल से बढ़ी नई कीमतें लागू

बिहार में सुधा दूध हुआ महंगा, कल से बढ़ी नई कीमतें लागू

पटना। बिहार में बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। सुधा डेयरी ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया है। नई दरें कल 22 मई 2026 यानी शुक्रवार से लागू होंगी। नई कीमतों के लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को अब दूध खरीदने के लिए प्रति लीटर 2 रुपये अधिक खर्च करने होंगे। इसका सीधा असर रोजाना दूध का उपयोग करने वाले लाखों परिवारों की रसोई पर पड़ेगा।

नई दरों के अनुसार सुधा गोल्ड फुल क्रीम दूध अब 65 रुपये की जगह 67 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं सुधा शक्ति दूध की कीमत 57 रुपये से बढ़ाकर 59 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। इसके अलावा सुधा काऊ मिल्क भी महंगा हो गया है। पहले 54 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला यह दूध अब 56 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध होगा। हालांकि उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि घी, दही, लस्सी और पेड़ा समेत अन्य दुग्ध उत्पादों की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।

बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड यानी कॉम्फेड ने दूध की कीमत बढ़ाने के पीछे बढ़ती उत्पादन लागत को प्रमुख कारण बताया है। संस्था के अनुसार पशुचारा, परिवहन और वितरण खर्च में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे डेयरी संचालन प्रभावित हो रहा था। कॉम्फेड का कहना है कि किसानों और डेयरी व्यवस्था के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए कीमतों में संशोधन आवश्यक हो गया था। सुधा डेयरी से पहले अमूल और मदर डेयरी भी अपने दूध उत्पादों की कीमतों में वृद्धि कर चुके हैं। अमूल ने फुल क्रीम, स्टैंडर्ड, गाय और भैंस के दूध समेत कई उत्पादों के दाम प्रति लीटर 2 रुपये तक बढ़ाए थे।

Views: 14
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND