मुजफ्फरपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, 288 करोड़ की योजनाओं का करेंगे उद्घाटन-शिलान्यास
मुजफ्फरपुर। सम्राट चौधरी मंगलवार को मुजफ्फरपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह मोतीपुर प्रखंड के गोसाईपुर में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल होंगे और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। सहयोग शिविर के माध्यम से आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा शिकायतों के त्वरित निवारण की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री इस अवसर पर 288.16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 109 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर तक कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को सुब्रत कुमार सेन और कांतेश कुमार मिश्रा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान सभी अधिकारियों और कर्मियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने तथा अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। परसौनीनाथ पंचायत के गोसाईपुर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित सहयोग शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, मंच निर्माण और आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था पूरी कर ली गई है।
मुख्यमंत्री शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए 12 स्टॉलों और प्रदर्शनी का निरीक्षण करेंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आम जनता को दी जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री योजनाओं की प्रगति और जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन की स्थिति की भी समीक्षा कर सकते हैं।
शेखपुरा में भी रहेगा कार्यक्रम
मुजफ्फरपुर दौरे के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शेखपुरा भी जाएंगे। वहां उनका कार्यक्रम विष्णु धाम में प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल में ही खड़ा करने का निर्देश दिया है। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से बचने की हिदायत दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही या सेल्फी लेने जैसी गतिविधियां पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
About The Author
