औरंगाबाद: एनएच-139 पर भीषण सड़क हादसा, गल्ला व्यवसायी पिता-पुत्र समेत तीन गंभीर रूप से घायल

औरंगाबाद: एनएच-139 पर भीषण सड़क हादसा, गल्ला व्यवसायी पिता-पुत्र समेत तीन गंभीर रूप से घायल

औरंगाबाद। जिले के अंबा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में गल्ला व्यवसायी पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना परसावां बिगहा गांव के समीप हुई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सभी घायलों को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक युवक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की शुरुआत एक बाइक और लूना के बीच हुई जोरदार टक्कर से हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों पर सवार लोग सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान औरंगाबाद से अंबा की ओर जा रहा एक ऑटो चालक सामने गिरे लोगों को बचाने के प्रयास में अचानक ब्रेक लगा बैठा। तेज ब्रेक लगने से ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस घटना में ऑटो पर सवार कुछ यात्रियों को भी हल्की चोटें आईं।

घायलों की पहचान कुटुंबा थाना क्षेत्र के परसावां गांव निवासी गल्ला व्यवसायी नंदकिशोर साव, उनके पुत्र रंजन कुमार तथा परसावां बिगहा निवासी आयुष कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि आयुष कुमार बाइक चला रहा था, जबकि नंदकिशोर साव अपने पुत्र के साथ लूना पर सवार थे। परिजनों के अनुसार आयुष कुमार अपनी बुआ को बाइक से अंबा बस स्टैंड छोड़ने गया था। वहां से वापस घर लौटने के दौरान उसकी बाइक दुर्घटना का शिकार हो गई। दूसरी ओर नंदकिशोर साव अपने पुत्र रंजन कुमार के साथ बभंडीह खेल मैदान के समीप स्थित अपनी गल्ला दुकान खोलने जा रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने घायलों को एक ऑटो में बैठाकर सदर अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ऑटो खराब हो गया। इसके बाद दूसरे वाहन की व्यवस्था कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही घायलों को अस्पताल भेज दिया गया था। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी परिजन घटनास्थल से हटा ले गए थे।

अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।इधर, सदर अस्पताल में भर्ती घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार आयुष कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

Views: 28
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND