बिहटा में ज्वेलरी कारोबारी से डेढ़ लाख नकद और जेवरात की लूट, बदमाश फरार

बिहटा में ज्वेलरी कारोबारी से डेढ़ लाख नकद और जेवरात की लूट, बदमाश फरार

बिहटा। बिहटा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए ज्वेलरी कारोबारी से नकदी और जेवरात लूट की वारदात को अंजाम दिया। सोमवार देर रात बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने एक कारोबारी को निशाना बनाकर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और सोने के जेवरात लूट लिए। घटना के बाद क्षेत्र के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनेर निवासी प्रमोद कुमार की कोईलवर में आभूषण की दुकान है। सोमवार को दुकान बंद करने के बाद वह बाइक से अपने घर मनेर लौट रहे थे। इसी दौरान बिहटा थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर छिलका के समीप बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने उनकी बाइक रोक ली। बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर उनके पास मौजूद करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और सोने के जेवरात लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद कारोबारी द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे। इसके बाद पीड़ित ने बिहटा थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर छापेमारी अभियान शुरू किया, लेकिन देर रात तक अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान के लिए जांच में जुटी हुई है।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने चिंता जताते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से व्यवसायियों में भय का माहौल बन रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब डेढ़ वर्ष पूर्व भी इसी कारोबारी से लगभग 22 लाख रुपये की लूट हुई थी। एक बार फिर उसी कारोबारी को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 
 
Views: 20
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND