बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: तीन थाना प्रभारी समेत चार लोगों की मौत
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारी और एक निजी चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार एनएच-31 पर खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरातफरी मच गई। यह दुर्घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच-31 के पास हुई। हादसे की सूचना मिलते ही बेगूसराय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर एसपी मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय सहित भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है
-
साजन पासवान – रतवारा थाना प्रभारी
नीरज कुमार – बेलारी थाना प्रभारी
-
ज्ञानेंद्र अमरेंद्र – अरार थाना प्रभारी
-
ज्योतिष कुमार – निजी चालक
पटना से प्रशिक्षण लेकर लौट रहे थे सभी अधिकारी
जानकारी के अनुसार, सभी पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद एक ही कार से मधेपुरा लौट रहे थे। देर रात यात्रा के दौरान उनकी कार तेज रफ्तार में थी और बखड्डा के पास पहुंचते ही वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई।
तीन की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, नीरज कुमार और चालक ज्योतिष कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल साजन पासवान को स्थानीय लोगों की मदद से बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस महकमे में शोक की लहर
तीन थाना प्रभारियों की एक साथ मौत की खबर से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही बेगूसराय रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार और मधेपुरा के एसपी भी सदर अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
एसपी ने कही जांच की बात
बेगूसराय एसपी मनीष कुमार ने बताया कि सभी थाना प्रभारी अपने चालक के साथ पटना से मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान साहेबपुर कमाल क्षेत्र में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, जिसमें वाहन की गति, चालक की स्थिति और ट्रक की स्थिति सहित अन्य बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे
चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंपा जाएगा। इस हादसे ने पुलिस विभाग और मृतकों के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
About The Author
