औरंगाबाद: दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत, किशोर गंभीर घायल
पेट्रोल भरवाने निकले थे दोनों, रास्ते में हुई भीषण दुर्घटना
औरंगाबाद। जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा अंबा-नवीनगर मुख्य मार्ग पर स्थित तमसी मोड़ के पास हुआ। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। मृतक की पहचान कुटुंबा थाना क्षेत्र के झिकटिया गांव निवासी नवल मौआर के पुत्र अमन कुमार पांडेय उर्फ कइल (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोर की पहचान मुकेश के रूप में की गई है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार मुकेश अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए गांव से निकला था। उसने अपने परिचित अमन कुमार पांडेय को भी साथ ले लिया। दोनों बाइक से पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब वे तमसी मोड़ के समीप पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही एक अन्य बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तत्काल सहायता के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने अमन की हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। सदर अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद अमन को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अमन की मौत की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में हृदय विदारक दृश्य देखने को मिला। मृतक की मां रमी देवी अपने बेटे के शव से लिपटकर बिलखती रहीं। भाई नारायण समेत अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
ग्रामीणों के अनुसार अमन अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। वह पढ़ाई के साथ-साथ खेती-बाड़ी के कार्यों में भी अपने पिता का हाथ बंटाता था। मेहनती और मिलनसार स्वभाव के कारण गांव में उसकी अच्छी पहचान थी। उसकी असामयिक मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि तमसी मोड़ के पास दो बाइकों की टक्कर की सूचना प्राप्त हुई थी। दुर्घटना में घायल दोनों युवकों को अस्पताल भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई।
About The Author
