लोकतंत्र को सशक्त बनाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण : डॉ. प्रेम कुमार

लोकतंत्र को सशक्त बनाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण : डॉ. प्रेम कुमार

पटना। बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बिहार विधानसभा सचिवालय के पदाधिकारियों के नेवा सेवा केंद्र में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की सफलता जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही, पारदर्शिता और जनता के प्रति समर्पण पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा राज्य के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा इसकी कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, तकनीक-सक्षम और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा केवल कानून बनाने का मंच नहीं है, बल्कि यह जनता की आकांक्षाओं, समस्याओं और अपेक्षाओं के समाधान का सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्थान है। जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे सदन की गरिमा बनाए रखते हुए सकारात्मक, सार्थक और रचनात्मक चर्चा के माध्यम से राज्य के विकास में योगदान दें। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विधानसभा में डिजिटल तकनीकों के उपयोग, ई-विधान प्रणाली और प्रशासनिक सुधारों के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता तथा दक्षता बढ़ाई जा रही है। हाल के वर्षों में बिहार विधानसभा द्वारा कई आधुनिक पहलें शुरू की गई हैं, जिनका उद्देश्य सदन की कार्यप्रणाली को अधिक सुगम, प्रभावी और उत्तरदायी बनाना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और बिहार सरकार की विकासोन्मुख नीतियों के अनुरूप राज्य को आत्मनिर्भर, समृद्ध और आधुनिक बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने, संविधान के प्रति सम्मान बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक नागरिकों और उनकी सहभागिता में निहित होती है। अपने संबोधन के अंत में बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बिहारवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा जनहित के मुद्दों के समाधान, लोकतांत्रिक परंपराओं के संरक्षण तथा राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

Views: 4
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND