मुंडेश्वरी धाम पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, 196 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात

मुंडेश्वरी धाम पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, 196 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात

कैमूर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कैमूर जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां मुंडेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की। इसके बाद उन्होंने पहाड़िया पंचायत स्थित मुंडेश्वरी धर्मशाला परिसर में आयोजित ‘सहयोग शिविर’ में लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा, रोजगार, कानून-व्यवस्था और क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऐलान किए। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पढ़ाई के स्तर से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

महिला शिक्षकों को पोस्टिंग में मिलेगी सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला शिक्षकों को अपनी सुविधा के अनुसार प्रखंड अथवा इच्छित स्थान पर पदस्थापन की सुविधा दी जाएगी, लेकिन शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में बेहतर शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

मुंडेश्वरी धाम को मिलेगा नया स्वरूप

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुंडेश्वरी धाम को भारतमाला परियोजना के फोरलेन सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। साथ ही यहां प्रस्तावित रोपवे परियोजना को भी जल्द गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अगली बार मुंडेश्वरी धाम आने पर रोपवे परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने मुख्यमंत्री को चांदी का मुकुट भेंट कर सम्मानित किया।

196 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने जिले के विकास को नई गति देते हुए कुल 196.05 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 162.69 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 20 नई परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 33.36 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 40 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। उन्होंने कहा कि मुंडेश्वरी मंदिर के समग्र विकास के लिए कैमूर और रोहतास क्षेत्र में हवाई संपर्क सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल और डिग्री कॉलेज विकसित किए जा रहे हैं। उनका लक्ष्य सरकारी विद्यालयों को इतना बेहतर बनाना है कि छात्रों को कोचिंग संस्थानों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आधुनिक संसाधन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि छात्र अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें।

अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख

कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अपराधियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति स्पष्ट है कि अपराध और अपराधियों के लिए राज्य में कोई स्थान नहीं है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस को पूरी स्वतंत्रता दी गई है और अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में बड़ी संख्या में अपराधी राज्य छोड़कर भाग चुके हैं तथा शेष अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।

रोजगार और निवेश पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित किया जा रहा है। उन्होंने राज्य से बाहर रह रहे लोगों से बिहार लौटकर उद्योग-धंधों में निवेश करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करना है, जिससे युवाओं को अपने ही प्रदेश में बेहतर भविष्य मिल सके।

आगे रोहतास और सीवान का दौरा

कैमूर कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रोहतास और सीवान जिले के दौरे पर रवाना हुए। रोहतास में उन्होंने भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप को विवाह की शुभकामनाएं देने का कार्यक्रम तय किया, जबकि सीवान में विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देने की योजना है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कैमूर में व्यापक प्रशासनिक तैयारियां की गई थीं और बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

 
 
Views: 10
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND