अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर: बिहार में फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, पटना में नई दरें लागू
पेट्रोल 87 और डीजल 91 पैसे महंगा
पटना। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की जेब पर भी पड़ने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच देशभर में पेट्रोल और डीजल के दामों में एक बार फिर वृद्धि कर दी गई है। तेल कंपनियों की ओर से जारी नई कीमतें शुक्रवार रात से लागू हो गई हैं।
नई दरों के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। राजधानी पटना में अब पेट्रोल 110.16 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 111.11 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल की कीमत 96.19 रुपये से बढ़कर 97.14 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
पिछले दस दिनों के भीतर ईंधन की कीमतों में यह तीसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले मंगलवार को भी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे। उस समय पेट्रोल में 91 पैसे और डीजल में 89 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता बनी हुई है। इसका सीधा असर भारत जैसे तेल आयातक देशों पर पड़ रहा है।
ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से परिवहन लागत बढ़ने की आशंका है, जिसका असर खाद्य पदार्थों, दैनिक उपयोग की वस्तुओं और अन्य सेवाओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है। खासकर मध्यम वर्ग और रोजाना वाहन उपयोग करने वाले लोगों पर इसका अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने लगा है।
About The Author
