मुंगेर: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह बोले- बिहार के विकास को लेकर केंद्र सरकार प्रतिबद्ध

मुंगेर: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह बोले- बिहार के विकास को लेकर केंद्र सरकार प्रतिबद्ध

मुंगेर। केंद्रीय पंचायती राज, पशुपालन एवं मत्स्य मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने रविवार को जैन धर्मशाला, मुंगेर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार के विकास और केंद्रीय बजट 2024-25 को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है और इसी कड़ी में बिहार के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जमालपुर रेल इंजन कारखाने के आधुनिकीकरण की योजना

ललन सिंह ने बताया कि मुंगेर के जमालपुर रेल इंजन कारखाने को आधुनिक और विकसित बनाने की योजना तैयार की जा रही है। संसद का बजट सत्र समाप्त होने के बाद रेल मंत्री स्वयं जमालपुर आएंगे और संसाधनों की समीक्षा कर विकास कार्यों की घोषणा करेंगे।

पूर्वांचल और बिहार को मिली विशेष सौगात

उन्होंने बताया कि बिहार के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इस बजट में मखाना उत्पादन, प्रसंस्करण और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए 'मखाना बोर्ड' के गठन की घोषणा की गई है। इसके अलावा पटना एयरपोर्ट का विस्तार और नए ग्रैंडफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण का प्रावधान। राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना और पटना आईआईटी का विस्तार। मिथिलांचल को बाढ़ से बचाने के लिए पश्चिमी कोसी नहर परियोजना का प्रावधान, जिससे 50,000 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। पर्यटन विकास के तहत ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और विकास की योजना।

विपक्ष के आरोप बेबुनियाद

ललन सिंह ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह बजट सिर्फ चुनावी फायदे के लिए नहीं, बल्कि बिहार के दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने बताया कि बक्सर से भागलपुर और पटना से पूर्णिया तक फोर लेन सड़क निर्माण की घोषणा 2023 के बजट में की गई थी, जिसे अब कार्यान्वित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री भागलपुर में करेंगे बड़ी घोषणाएं

ललन सिंह ने बताया कि सोमवार को भागलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के दौरान बिहार के लिए कुछ नई घोषणाएं हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था वर्तमान में दुनिया में पांचवें स्थान पर है और 2029 तक इसे तीसरे स्थान पर लाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘विकसित भारत’ के लिए पांच प्रमुख लक्ष्य निर्धारित किए हैं, जिन पर केंद्र सरकार तेजी से काम कर रही है।

विकसित भारत’ की दिशा में बढ़ते कदम

ललन सिंह ने कहा कि इस बजट में उन्हीं लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई गई हैं, ताकि भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है और वैश्विक स्तर पर भारत का कद बढ़ा है।

Views: 2
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND