मुजफ्फरपुर: नकली MVI गाड़ियों से वसूली करता पकड़ा गया, पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस ने एक नकली MVI (मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर) को गिरफ्तार किया है, जो हाईवे पर गाड़ियों से अवैध वसूली कर रहा था। उसके साथ एक चालक को भी पकड़ा गया है और एक वाहन जब्त किया गया है। यह मामला करजा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि NH पर एक शख्स MVI बनकर वाहन चालकों से पैसे वसूल रहा है।
गुप्त सूचना के बाद पुलिस की कार्रवाई
कांटी थाना पुलिस को इस अवैध वसूली की जानकारी पहले से मिल रही थी, जिसके बाद जांच शुरू की गई। शनिवार देर रात करीब दो बजे कांटी थाना अध्यक्ष रामनाथ प्रसाद को सूचना मिली कि दरभंगा मोड़ के पास गाड़ियों से अवैध वसूली हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और देखा कि एक पिकअप गाड़ी को रोका गया था और एक व्यक्ति खुद को MVI बता रहा था। लेकिन, उसके साथ कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, जिससे गश्ती दल को शक हुआ।
सख्ती से पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस ने पिकअप चालक से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके पास सभी कागजात मौजूद हैं, फिर भी उससे पैसे मांगे जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद शख्स से पहचान पत्र मांगा, लेकिन वह टालमटोल करने लगा। थानाध्यक्ष रामनाथ प्रसाद ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो उसने कबूल किया कि वह नकली MVI है और NH पर गाड़ियों को रोककर अवैध वसूली करता है। पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी गाड़ी भी जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
-
मुख्य आरोपी: छपरा थाना क्षेत्र के रिवीलगंज निवासी राज कुमार प्रसाद (पिता स्व. राम भजन प्रसाद)
-
चालक: छपरा जिले के टाऊन थाना क्षेत्र निवासी आजम आलम (पिता मो. शमीम आलम)
दोनों के पास नहीं था कोई ID कार्ड
इस मामले पर थाना अध्यक्ष रामनाथ प्रसाद ने बताया कि आरोपी खुद को MVI बताकर वाहनों को रोककर अवैध वसूली कर रहा था। लेकिन उसके पास कोई पहचान पत्र या वैध दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है। इस घटना के बाद पुलिस ने वाहन चालकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा वसूली करने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
About The Author
