नए साल से पहले बिहार के 5 जिलों में बारिश की संभावना, जनवरी में ठंड और बढ़ेगी
पटना। बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। 28 और 29 दिसंबर को प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि 27 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जो पश्चिम हिमालय और मैदानी इलाकों को प्रभावित करेगा। इसके प्रभाव से कैमूर, रोहतास, बक्सर, औरंगाबाद, भोजपुर और अरवल में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद ठंड का प्रकोप बढ़ जाएगा।
12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
प्रदेश के 12 जिलों—जमुई, मुंगेर, खगड़िया, बांका, भागलपुर, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया और सुपौल—में आज घने कोहरे के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। सुपौल में सुबह-सुबह घने कोहरे का नजारा देखा गया।
तापमान में मामूली वृद्धि
आज न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान है। राज्य में सबसे अधिक तापमान फारबिसगंज में 29.2 डिग्री और सबसे कम समस्तीपुर में 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
ठंड का असर जनवरी से बढ़ेगा
मौसम वैज्ञानिक आशीष कुमार के अनुसार, ठंड का असली प्रभाव जनवरी और फरवरी में महसूस किया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर दिसंबर या जनवरी में बारिश होती है, तो कोहरा छंटने और धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल सकती है। लेकिन ठंड का असर तब भी तेज रहेगा।
कोहरा और ठंड के अगले तीन दिन
मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन दिनों में राज्य के पूर्वी भागों में घना कोहरा और अन्य क्षेत्रों में सुबह हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि, रात के तापमान में 48 घंटे तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
About The Author
