दुर्गा पूजा के मद्देनजर 5 से 16 अक्टूबर तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द

दुर्गा पूजा के मद्देनजर 5 से 16 अक्टूबर तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द

पटना। बिहार में दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 5 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक पुलिसकर्मियों की सभी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। इस अवधि में छुट्टी के लिए आवेदन करने वाले पुलिसकर्मियों के सभी आवेदन वापस कर दिए गए हैं। यह निर्णय एडीजी लॉ एंड ऑर्डर संजय सिंह ने शुक्रवार को जारी किया है। इस आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों, आईजी और डीआईजी को दिए गए हैं।

सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर जोर

दुर्गा पूजा के दौरान अक्सर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती है और विधि-व्यवस्था को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की अधिक आवश्यकता होती है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि केवल विशेष परिस्थिति में ही किसी पुलिसकर्मी को छुट्टी दी जाएगी।

पूरे राज्य में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर

दुर्गा पूजा का पर्व 3 अक्टूबर से शुरू होकर 12 अक्टूबर तक चलेगा। सप्तमी 10 अक्टूबर, महाअष्टमी और महानवमी 11 अक्टूबर, जबकि विजयादशमी 12 अक्टूबर को मनाई जाएगी। इस बार बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में दुर्गा पूजा को भव्य रूप से मनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। जगह-जगह पंडाल सजाए जा रहे हैं और आयोजन समितियां भी सक्रिय हो गई हैं।

सोमवार को हुई थी प्रमुख बैठक

बीते सोमवार को प्रमंडलीय आयुक्त ने दुर्गा पूजा को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में उन्होंने सभी जिला प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रावण वध, जुलूस, और विसर्जन जैसे कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, आयुक्त और आईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सार्वजनिक स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाए। डीएम और एसपी स्वयं क्षेत्र का दौरा करते रहें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आयोजकों को आग से सुरक्षा की ठोस व्यवस्था करनी होगी। प्रतिमा विसर्जन के लिए अस्थायी तालाब का उपयोग अनिवार्य किया गया है, जबकि आतिशबाजी और डीजे पर पूरी तरह से रोक रहेगी। पूजा समितियों से सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची भी तैयार करने को कहा गया है, जिसमें उनके मोबाइल नंबर भी शामिल हों।

Views: 7
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND