सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल का आज विस्तार, गांधी मैदान में 31 मंत्री लेंगे शपथ
पटना। सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के 22 दिन बाद आज बिहार की नई सरकार का सबसे बड़ा राजनीतिक आयोजन होने जा रहा है। राजधानी पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा, जहां 31 नए मंत्री शपथ लेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर पूरे बिहार की राजनीति गर्म हो गई है और राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के कई बड़े नेता शामिल होंगे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री, सांसद और गठबंधन दलों के वरिष्ठ नेताओं की भी मौजूदगी रहेगी।
भाजपा-जदयू के बीच तय हुआ सीटों का संतुलन
सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल विस्तार में भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड के बीच संतुलन साधने की कोशिश की गई है। प्रस्तावित फॉर्मूले के अनुसार भाजपा से 14, जदयू से 13, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से 2 तथा हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से एक-एक विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि देर रात तक चली बैठकों के बाद अंतिम सूची में बदलाव की भी चर्चा है।
कई विधायकों को गया मंत्री बनने का संदेश
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार मंत्री पद के लिए कई विधायकों को फोन किए जा चुके हैं। जदयू की ओर से निशांत कुमार, भगवान सिंह, बुलो मंडल, श्वेता गुप्ता, शीला मंडल, दामोदर रावत और श्रवण कुमार के नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं। वहीं भाजपा कोटे से दिलीप जायसवाल, विजय कुमार सिन्हा, प्रमोद चंद्रवंशी, लखेन्द्र पासवान, संजय टाइगर, रमा निषाद, नीतीश मिश्रा, केदार गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र प्रसाद, नंद किशोर राम और राम कृपाल यादव के नाम सामने आए हैं।
मंगल पांडेय और श्रेयसी सिंह को लेकर सस्पेंस
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि पिछली सरकार में मंत्री रह चुके कुछ नेताओं को अब तक फोन नहीं आया है। इनमें मंगल पांडेय और श्रेयसी सिंह के नाम प्रमुख हैं। इससे सियासी अटकलों का दौर और तेज हो गया है।
देर रात तक चली बैठकों में तय हुए नाम
मंत्रिमंडल विस्तार से पहले बुधवार देर रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पटना पहुंचे थे। उन्होंने जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह, संजय झा और एनडीए के अन्य नेताओं के साथ बैठक कर संभावित मंत्रियों के नामों पर अंतिम चर्चा की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना एयरपोर्ट पर अमित शाह का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री का आठ किलोमीटर लंबा रोड शो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक लगभग आठ किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। उनका काफिला एयरपोर्ट से हार्डिंग रोड, भाजपा कार्यालय, आयकर गोलंबर, डाकबंगला चौराहा और जयप्रकाश गोलंबर होते हुए गांधी मैदान पहुंचेगा। रास्ते में 16 स्थानों पर प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारी की गई है।
About The Author
