27,000 रुपये के बिजली बिल से सदमे में आए व्यक्ति की मौत, ग्रामीणों ने किया हंगामा
शिवहर। बिहार के शिवहर जिले के नयागांव में बिजली बिल की वसूली को लेकर हुई घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई। 50 वर्षीय जीतू राम को बिजली विभाग के अधिकारियों ने 27,000 रुपये का बकाया बिल थमाया और उसे तुरंत जमा करने का दबाव डाला।
बिजली बिल सुनते ही बिगड़ी तबीयत
जीतू राम इतने भारी बिल को देखकर हैरान रह गए। इसी दौरान उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और वे बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई।
ग्रामीणों का बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन
इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने बिजली विभाग की मनमानी वसूली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर श्यामपुर भटहां थाना प्रभारी सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
About The Author
