औषधि उद्योग के उच्च मानक स्थापित करना जरूरी: जे.पी. नड्डा

औषधि उद्योग के उच्च मानक स्थापित करना जरूरी: जे.पी. नड्डा

नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने बुधवार को औषधियों, सौंदर्य प्रसाधनों और चिकित्सा उपकरणों की गुणवत्ता को विश्व स्तर पर सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उद्योगों के साथ निरंतर विचार-विमर्श आवश्यक है ताकि भारत को ‘विश्व की फार्मेसी’ के रूप में स्थापित किया जा सके।

उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक

श्री नड्डा ने औषधि चिकित्सा उपकरण और सौंदर्य प्रसाधन के नियामकों की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को वैश्विक नेता बनने के लिए अंतर्राष्ट्रीय अपेक्षाओं से मेल खाने वाले विश्व स्तरीय विनियामक ढांचे की आवश्यकता है। इस बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव अपूर्व चंद्रा, भारतीय औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) डॉ. राजीव सिंह रघुवंशी, और केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

समयबद्ध योजना का आह्वान

श्री नड्डा ने सीडीएससीओ पर जोर दिया कि वह वैश्विक मानकों को प्राप्त करने के लिए समय सीमा के साथ एक योजना तैयार करे। उन्होंने कहा कि एकरूपता, तकनीकी उन्नयन और भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण के उच्चतम मानकों पर ध्यान केंद्रित होना चाहिए। निर्यात की जा रही दवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए उचित प्रक्रिया तैयार करने की भी आवश्यकता है।

पारदर्शिता और संवाद

वैश्विक मानकों को प्राप्त करने के लिए, श्री नड्डा ने प्रक्रियाओं की पारदर्शिता पर ध्यान केन्द्रित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि औषधि नियामक निकाय और उद्योग दोनों को पारदर्शिता के उच्चतम सिद्धांतों पर काम करना चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि भारत में निर्मित तथा बेचे जाने वाले उत्पाद वैश्विक गुणवत्ता मानकों को पूरा करते हों।

MSME सेक्टर की समस्याओं पर विचार

औषधि निर्माण में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र की समस्याओं के विषय पर श्री नड्डा ने कहा कि इन समस्याओं को समझना और उनकी क्षमता एवं उत्पादों की गुणवत्ता को मजबूत करने के लिए सहयोग करना चाहिए।

उद्योग के साथ निरंतर संवाद

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने दवा और चिकित्सा उपकरण उद्योग के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि उनके मुद्दों को समझा जा सके और गुणवत्ता अपेक्षाओं और मानकों को पूरा करने के लिए उनका सहयोग किया जा सके।

Views: 1
Tags:

About The Author

Saket Kumar Picture

साकेत कुमार, BJMC 

उप-सम्पादक

सोन वर्षा वाणी 

7766886433

Related Posts