रामगढ़: आलू लदे ट्रक ने स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को रौंदा, चालक समेत 4 की मौत

रामगढ़: आलू लदे ट्रक ने स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को रौंदा, चालक समेत 4 की मौत

रामगढ़। बुधवार सुबह रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र में मठवाटांड़ के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन स्कूली बच्चों और ऑटो चालक की मौत हो गई। घटना में आधा दर्जन से अधिक बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब आलू लदे ट्रक ने स्कूली बच्चों को ले जा रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मारी। गुडविल मिशन स्कूल के बच्चे रोज की तरह ऑटो में सवार होकर स्कूल जा रहे थे। मठवाटांड़ के पास ट्रक ने ऑटो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ऑटो चालक और तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में ट्रक चालक समेत अन्य घायल बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

मृतकों के परिजनों में कोहराम

घटना के बाद मृत बच्चों के परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पूरे इलाके में मातम का माहौल है। चीख-पुकार से घटनास्थल गूंज उठा। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए रामगढ़-बोकारो मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

विधायक ममता देवी ने दिया आश्वासन

घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ की विधायक ममता देवी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया और कहा, "निजी स्कूल प्रशासन की लापरवाही के कारण बच्चों की जान जा रही है। इस घटना की पूरी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"

ग्रामीणों का आक्रोश

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन सरकार के नियमों का पालन नहीं कर रहा है। ग्रामीणों ने स्कूल वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को ठूंसने और वाहनों की खराब स्थिति को हादसे की मुख्य वजह बताया। उन्होंने मांग की कि स्कूल प्रबंधन और ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

प्रशासन का बयान

रामगढ़ के एसपी अजय कुमार ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, "यह हादसा बेहद दुखद है। बच्चों को ले जा रहे ऑटो को सामने से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मारी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। घायलों का इलाज चल रहा है, और मामले की पूरी जांच की जा रही है।

Views: 3
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND

 

Related Posts