हत्या के मामले में तीन आरोपी धराए
औरंगाबाद। लूटपाट के दौरान दाऊदनगर थाना क्षेत्र के कर्मा कला के निवासी ओबरा थाना क्षेत्र के पूर्णाडीह पेट्रोल पंप के कर्मी विक्रम कुमार की हत्या हुई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि दो नाबालिग बताए जाते हैं। तीसरा आरोपी गोविद कुमार ओबरा थाना क्षेत्र के पूर्णाडीह गांव का ही रहने वाला है। उक्त तीनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। तीनों के पास से 3500 रुपए व दो मोबाइल बरामद हुए हैं। यह जानकारी देते हुए एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी अपराधी पेट्रोल पंप पर लूटपाट करने गए थे। उनका विरोध पेट्रोल पंप कर्मी विक्रम कुमार ने किया। तब अपराधियों ने उसकी गला काटकर हत्या कर दी और 65000 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना के अगले दिन पुलिस शव को पेट्रोल पंप से बरामद की थी। इस मामले में पेट्रोल पंप कर्मी के भाई ने हत्या की एफआईआर दाउदनगर थाना में दर्ज करायी थी, जिसमें पेट्रोल पंप के मालिक पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और 20 दिन के अंदर ही अपराधियों को दबोच लिया। प्रेस वार्ता में दाउदनगर के एसडीपीओ कुमार ऋषिराज, ओबरा के थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी आदि मौजूद थे।
About The Author
