औरंगाबाद में सब्जी मंडी खाली कराने पर मचा बवाल आक्रोशित लोगों ने किया प्रदर्शन, पुलिस की सख्ती से हुआ मामला शांत
औरंगाबाद। रविवार को औरंगाबाद के मुख्य बाजार में स्थित सब्जी मंडी को खाली कराने पहुंचे अधिकारियों को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सुबह से ही सदर अंचल के सीओ मनोज कुमार सिंह, नगर थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह, एसआई मो. अख्तर और मो. अयूब अंसारी पुलिस बल के साथ मंडी पहुंचे। जैसे ही अधिकारियों ने दुकानों को खाली करने का निर्देश दिया, वहां हंगामा शुरू हो गया। दुकानदार नगर थानाध्यक्ष से उलझ पड़े और अधिकारियों को कार्रवाई की चेतावनी देनी पड़ी। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को तुरंत दुकानें खाली करने का आदेश दिया, अन्यथा सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान सब्जी मंडी के दुकानदार और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। ठेले भी सड़क पर रख दिए गए, जिससे एंबुलेंस और अन्य वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया और जाम समाप्त कर आवागमन बहाल किया। नगर थानाध्यक्ष ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि न्यायालय के आदेश पर सब्जी मंडी को खाली कराया जा रहा है और कोई भी विवाद नहीं किया जाना चाहिए।
65 डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से न्यायालय में चल रहा था मामला
औरंगाबाद सब्जी मंडी में 65 डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से न्यायालय में मामला चल रहा था। हाल ही में, कौशलेंद्र सिंह के पक्ष में फैसला आने के बाद दुकानों को हटाने का आदेश जारी किया गया। कोर्ट के आदेश पर नोटिस चिपकाए गए थे, जिसमें दुकानदारों को एक महीने का समय दिया गया था। 14 जून को यह नोटिस जारी किया गया था। रविवार की सुबह जब पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे तो हंगामा मच गया। दुकानदारों ने शिकायत की कि उन्हें कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी गई है, जिससे दर्जनों परिवार सड़क पर आ जाएंगे। सीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश के तहत दुकानें खाली कराई जा रही हैं और अब अतिरिक्त समय देना संभव नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि सोमवार को भी यह अभियान जारी रहेगा और उम्मीद है कि दो दिनों में सभी दुकानें खाली हो जाएंगी। कोर्ट से आत्मानंद राय, अंकित कुमार, विजय शंकर सिंह और एकलाख अहमद समेत कई अन्य लोग भी इस दौरान उपस्थित रहे।
About The Author
