यूपी में डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस पटरी से उतरी: 4 की मौत, 20 से ज्यादा घायल
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा में डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस की 3 AC समेत 15 बोगियां पटरी से उतर गईं। इस हादसे में अब तक 4 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 20-25 यात्री घायल हुए हैं। हादसे के दौरान 2 यात्रियों के पैर भी कट गए। ज्यादातर हताहत यात्री एसी कोच में सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो गया। डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15904) चंडीगढ़ से आ रही थी और हादसा झिलाही रेलवे स्टेशन के पास गोसाई डिहवा में हुआ। यह स्थान अयोध्या से 30 किमी और लखनऊ से 130 किमी दूर है। गुरुवार को रात 11:39 बजे चंडीगढ़ से रवाना हुई यह ट्रेन झिलाही स्टेशन के पास दोपहर ढाई बजे के करीब पलट गई। एक यात्री के अनुसार, हादसा गोंडा से 20 किमी दूर हुआ और मनकापुर स्टेशन से यह स्थान 5 किमी की दूरी पर है।
अपडेट्स
डीएम नेहा शर्मा मौके पर पहुंची:
हादसे की सूचना मिलते ही डीएम नेहा शर्मा तुरंत मौके पर पहुंच गई हैं। उनके साथ जिले के अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। प्रशासनिक टीम पूरी तरह से सक्रिय है और मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को कम से कम किया जा सके। स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है और सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं ।
हादसे के बाद लखनऊ-गोरखपुर रेल मार्ग को बंद कर दिया गया है और कई ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है।
डॉक्टरों की टीम पहुंची:
हादसे के बाद डॉक्टरों की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और घायलों को आस-पास के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए:
- लखनऊ: 8957409292
- गोंडा: 8957400965
असम सीएम ने घटना की जानकारी ली:
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने घटना की जानकारी ली है और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। असम सरकार संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।
About The Author
