संसद सत्र की शुरुआत: पीएम मोदी और मंत्रियों ने ली शपथ

18वीं लोकसभा का पहला सत्र शुरू

संसद सत्र की शुरुआत: पीएम मोदी और मंत्रियों ने ली शपथ

दिल्ली। 18वीं लोकसभा का पहला सत्र आज से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई, जिसके बाद पिछले सदन के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। उनके बाद कैबिनेट के अन्य लोकसभा सांसदों ने शपथ ग्रहण की।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के शपथ ग्रहण पर विपक्ष का विरोध

जब शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नाम शपथ ग्रहण के लिए बुलाया गया, तब विपक्षी सदस्यों ने "NEET-NEET, शेम-शेम" के नारे लगाए। विपक्षी दलों ने NEET पेपर धांधली के मुद्दे पर पहले भी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी।

पीएम मोदी का संबोधन

सत्र शुरू होने से पहले संसद पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "देश चलाने के लिए सबकी सहमति जरूरी है। हम सबको साथ लेकर चलना चाहते हैं और संविधान की मर्यादाओं का पालन करते हुए देश को आगे बढ़ाना चाहते हैं। देश को एक जिम्मेदार विपक्ष की जरूरत है।"

प्रोटेम स्पीकर की शपथ

सत्र से पहले, भाजपा सांसद भर्तुहरि महताब को सोमवार सुबह 10 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाई। इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भी राष्ट्रपति भवन में मौजूद थे। प्रोटेम स्पीकर का कार्य नए सदस्यों को शपथ दिलाना होता है।

नए सांसदों की शपथ

आज और कल, संसद में नए सांसद शपथ ग्रहण करेंगे। सभी सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद सदन की कार्यवाही शुरू होगी, जिसमें आगामी सत्र के महत्वपूर्ण विधायी एजेंडा पर चर्चा होगी। इस सत्र के दौरान, सरकार के कई अहम विधेयक पेश किए जाने की संभावना है। विपक्ष भी विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में यह सत्र बहुत ही महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण होने वाला है।

Views: 3
Tags:

About The Author

Saket Kumar Picture

साकेत कुमार, BJMC 

उप-सम्पादक

सोन वर्षा वाणी 

7766886433

Related Posts