सड़क दुर्घटना में घायल ठेकेदार की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

 सड़क दुर्घटना में घायल ठेकेदार की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

औरंगाबाद।  जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के शादीपुर डिहुरी गांव के पास गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान झारखंड के पलामू थाना क्षेत्र के शांतिपुर निवासी 49 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में की गई है। वह पेशे से ठेकेदार थे और उनका पूरा परिवार झारखंड के डाल्टेनगंज में रहता है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है। मिली जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार गुरुवार को किसी निजी कार्य से दाउदनगर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। ओबरा स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉक्टर शशिकांत कुमार ने बताया कि सुनील कुमार के सिर और दाएं पैर में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि इलाज के दौरान सदर अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

दूसरे बाइक सवार को हल्की चोटें

वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक को हल्की चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए ओबरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान के प्रयास में जुटी है।

परिजनों को दी गई सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस द्वारा मृतक सुनील कुमार के परिवार को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक की एक बेटी और दो बेटे हैं, जो पिता की मौत की खबर सुनकर गहरे सदमे में हैं।

थाना अध्यक्ष ने दी जानकारी

ओबरा थाना अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। उन्होंने बताया कि मृतक सुनील कुमार की बाइक (ग्लैमर) को थाना में जब्त कर लिया गया है, जबकि दूसरी बाइक और उसका चालक फरार है। पुलिस उसकी पहचान के लिए छानबीन कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Views: 2
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND