औरंगाबाद: दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, शव को पंखे से लटकाया
औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले के दाउदनगर शहर स्थित शिवपुरी कॉलोनी में सोमवार को दहेज के लिए एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या के बाद हाथ-पैर बांधकर शव को पंखे से लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही विवाहिता की मौत से जुड़े हर पहलू की जांच शुरू कर दी गई है।
पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप
मृतका की पहचान 25 वर्षीय निशु कुमारी के रूप में हुई, जो शिवपुरी कॉलोनी में रहने वाले जूनियर इंजीनियर रवि प्रकाश की पत्नी थी। रवि प्रकाश फिलहाल उत्तर प्रदेश के देवरिया में सिंचाई विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। 2021 में 7 दिसंबर को निशु और रवि की शादी हुई थी। मृतका के पिता गोपाल का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल वाले लगातार दहेज के लिए निशु को प्रताड़ित करते थे। उन्होंने पति रवि प्रकाश, ससुर राम लखन शर्मा, सास इंदु देवी और देवर मनीष कुमार पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतका के परिजनों के साथ भी मारपीट
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के पिता गोपाल अपने रिश्तेदारों के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे। लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उनके साथ भी मारपीट की। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए मृतका के परिजनों को सौंप दिया गया है।
एफएसएल टीम कर रही जांच, FIR दर्ज होगी
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भेजा है। थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा। मृतका के पिता की शिकायत पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा और जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का बयान
मृतका के पिता ने कहा कि शादी के समय उनकी आर्थिक स्थिति के अनुसार दहेज दिया गया था। कुछ समय तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन फिर ससुराल वाले और ज्यादा दहेज की मांग करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अंततः उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
About The Author
