औरंगाबाद: बस कंडक्टर की हत्या के बाद बवाल, NH 19 पर आगजनी और जाम
औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक बस कंडक्टर की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे 19 पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और सड़क पर आगजनी कर दी। पुलिस हालात को काबू में करने की कोशिश कर रही है, लेकिन लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। मृतक की पहचान सढिल गांव निवासी मंजय कुमार सिंह (45) के रूप में हुई है, जो औरंगाबाद से धनबाद जाने वाली बस में कंडक्टर का काम करता था। मंजय अपनी ड्यूटी के लिए कुशहा मोड़ पर बस पकड़ने गया था। वहां पहले से मौजूद दर्जनों लोगों ने लाठी-डंडों से उसकी बर्बर पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे सदर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। नेशनल हाईवे 19 पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। सड़कों पर आगजनी की, जिससे यातायात ठप हो गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अपनी मांग शांतिपूर्ण तरीके से रखने की अपील की। हालांकि, प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले सड़क से हटने को तैयार नहीं हैं। मंजय की हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। घटना से स्थानीय लोग आहत और गुस्से में हैं। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
About The Author
