ED की बड़ी कार्रवाई: पुल निर्माण कंपनी एसपी सिंघला के ठिकानों पर छापेमारी, IAS संजीव हंस से जुड़े तार

ED की बड़ी कार्रवाई: पुल निर्माण कंपनी एसपी सिंघला के ठिकानों पर छापेमारी, IAS संजीव हंस से जुड़े तार

पटना। पुल निर्माण कंपनी एसपी सिंघला कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के ठिकानों पर आज सुबह से ED (प्रवर्तन निदेशालय) की रेड चल रही है। पटना के बेली रोड स्थित कंपनी के ऑफिस में छापेमारी हो रही है। इसके अलावा, दिल्ली, पंचकूला समेत कंपनी की अन्य जगहों पर भी ED की टीम ने रेड डाली है।

अगुवानी घाट पुल गिरने के बाद विवादों में आई थी कंपनी

एसपी सिंघला कंस्ट्रक्शन कंपनी पहली बार सुर्खियों में 5 जून 2023 को आई थी, जब भागलपुर में गंगा नदी पर निर्माणाधीन अगुवानी घाट से सुल्तानगंज तक बन रहा पुल गिर गया था। इस हादसे के बाद सत्ताधारी दल के विधायक डॉक्टर संजीव कुमार ने अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कंपनी और अधिकारियों के बीच साठगांठ का आरोप लगाया था।

IAS संजीव हंस से जुड़े तार

हाल ही में पूर्व विधायक गुलाब यादव और IAS संजीव हंस के यहां ED ने छापेमारी की थी। अब इन तारों के एसपी सिंघला ग्रुप से जुड़े होने के संकेत मिल रहे हैं। IAS संजीव हंस बिहार राज्य पुल निर्माण निगम में MD के पद पर कार्यरत थे, और उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी को लाभ पहुंचाने से संबंधित अवैध लेन-देन की जानकारी ED को मिली है। इसी आधार पर अब एसपी सिंघला ग्रुप के ठिकानों पर भी छापेमारी हो रही है। इस कार्रवाई में कई और सफेदपोश भी बेनकाब हो सकते हैं।

केंद्र सरकार ने लिया था जांच का फैसला

अगुवानी घाट से सुल्तानगंज के बीच बन रहे पुल का हिस्सा गिरने के बाद, सड़क परिवहन मंत्रालय ने इस घटना की जांच के आदेश दिए थे। केंद्र सरकार ने एसपी सिंघला कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा बनाए जा रहे पुलों की जांच के लिए विशेषज्ञों की एक टीम भी बनाई थी। यह टीम बिहार, पंजाब, यूपी, हरियाणा, गुजरात में कंपनी द्वारा बनाए जा रहे निर्माणधीन पुलों की जांच कर रही है। इस छापेमारी के चलते पुल निर्माण कंपनी एसपी सिंघला और IAS संजीव हंस के बीच संबंधों की परतें खुल सकती हैं। यह मामला बिहार में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार और साठगांठ का प्रतीक बनता जा रहा है, जिससे सरकार और प्रशासन दोनों पर सवाल उठ रहे हैं। ED की यह कार्रवाई आने वाले दिनों में और भी चौंकाने वाले खुलासे कर सकती है।

Views: 2
Tags:

About The Author

Saket Kumar Picture

साकेत कुमार, BJMC 

उप-सम्पादक

सोन वर्षा वाणी 

7766886433

Related Posts