भागलपुर: विशेष टिकट चेकिंग अभियान में 11,129 बेटिकट यात्री पकड़े गए
भागलपुर। बिहार में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के छह से अधिक प्रमुख स्टेशनों पर दिसंबर माह के दौरान चलाए गए विशेष टिकट चेकिंग अभियान में 11,129 बेटिकट यात्री पकड़े गए। इस दौरान रेलवे ने इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में 67 लाख, 12 हजार, 265 रुपये वसूले। मालदा मंडल के वरीय वाणिज्यिक प्रबंधक सुदीप भट्टाचार्या ने बताया कि यह अभियान मुख्य टिकट निरीक्षकों की अगुवाई में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहयोग से चलाया गया। भागलपुर, मालदा, साहिबगंज, न्यू फरक्का, बड़हरवा, सुल्तानगंज और जमालपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर सघन टिकट चेकिंग की गई। अभियान के दौरान सिर्फ बेटिकट यात्रियों पर ही नहीं, बल्कि गंदगी फैलाने वालों पर भी सख्ती बरती गई। स्टेशन परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए गंदगी फैलाने के आरोप में करीब 100 लोगों से जुर्माना वसूला गया।
रेलवे का संदेश
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट लेकर यात्रा करें और स्टेशन परिसरों में स्वच्छता बनाए रखें। इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि रेलवे में अनुशासन और स्वच्छता का माहौल बना रहे। इस अभियान के माध्यम से रेलवे ने न केवल बेटिकट यात्रियों पर लगाम लगाई, बल्कि स्टेशन परिसरों को साफ-सुथरा रखने का भी संदेश दिया। यात्रियों को नियमों का पालन करने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
About The Author
