बक्सर: मिट्टी के टीले में दबकर 4 बच्चियों की मौत
बक्सर। बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह दर्दनाक हादसे में चार मासूम बच्चियों की मिट्टी के टीले में दबकर मौत हो गई। मरने वालों में दो सगी बहनें और एकमात्र संतान भी शामिल है। इस हादसे में एक बच्ची घायल हो गई, जिसका इलाज चल रहा है।
कैसे हुआ हादसा?
घटना सरेंजा गांव के पास स्थित राजकीय बुनियादी स्कूल के पास हुई। पांच बच्चियां घर की लिपाई और चूल्हे के लिए मिट्टी लेने गई थीं। मिट्टी खोदने के दौरान अचानक पुराना मिट्टी का टीला ढह गया और सभी बच्चियां उसके नीचे दब गईं। घायल करिश्मा ने बताया, "हम पांचों मिट्टी खोद रहे थे। तभी अचानक मिट्टी का टीला गिर पड़ा और हम सभी उसमें दब गए। घटना के बाद गांव में हल्ला मच गया। ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। सभी बच्चियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चार को मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक और घायल बच्चियों के नाम:
- नयनतारा कुमारी (11) और शालिनी कुमारी (8), पिता श्यामनारायण राम, सरेजा गांव।
- शिवानी कुमारी (6), पिता रमेश राम, माता-पिता की इकलौती संतान।
- संजू कुमारी (11), पिता टिंकू राम।
- घायल: करिश्मा (10), पिता रामचंद्र।
मृतक बच्चियों के परिवार का हाल
नयनतारा और शालिनी के पिता श्यामनारायण राम ने बताया कि वे घटना के वक्त घर पर थे। जब गांव में शोर हुआ तो घटनास्थल पर पहुंचे और देखा कि उनकी दोनों बेटियां मलबे में दबी थीं। उन्होंने बताया कि 2005 में पैर खराब होने के कारण वे दिव्यांग हो गए और तब से घर पर ही रहते हैं। अब उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी बची हैं।
प्रशासन और पुलिस का बयान
सूचना मिलने पर राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने बताया कि मिट्टी का टीला काफी पुराना था और नीचे से खोदने के कारण ढह गया।
About The Author
