शेरघाटी में नेशनल हाईवे पर सिक्स लेन निर्माण पुनः शुरू, अंडरपास बंद

शेरघाटी में नेशनल हाईवे पर सिक्स लेन निर्माण पुनः शुरू, अंडरपास बंद

शेरघाटी। नेशनल हाईवे पर सिक्स लेन सड़क निर्माण का काम फिर से शुरू कर दिया गया है। करीब सात महीने के इंतजार के बाद शेरघाटी के नई बाजार स्थित अंडरपास को बंद कर दिया गया है। जीटी रोड के इस स्ट्रेच में सिक्स लेन परियोजना कई विवादों और मुकदमों के कारण सुस्त पड़ गई थी। अंडरपास के निर्माण में वर्षों से बने गतिरोध के चलते मोरहर पुल से आमस अंचल के अंतिम पच्छमी गांव तक लगभग 30 किलोमीटर लंबी सड़क चौड़ीकरण परियोजना रुकी हुई थी।

स्थानीय लोगों और अधिकारियों के बीच अंडरपास को चालू रखने या बंद करने को लेकर मतभेद लंबे समय से थे। दक्षिणी छोर के लोग सुरक्षा कारणों से अंडरपास बंद करने की मांग कर रहे थे, जबकि पश्चिमी छोर के लोग इसे खुला रखने पर जोर दे रहे थे। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने स्पष्ट किया कि उक्त स्थान पर अंडरपास के लिए कोई औपचारिक प्रावधान नहीं है और सुरक्षा व सार्वजनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे बंद करने का निर्णय लिया गया। नगर परिषद ने आम जनता की सुविधा के लिए मोरहर नदी के किनारे वैकल्पिक मार्ग का निर्माण कराया है। इसके चलते दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन अब सुचारू रूप से हो रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही पूरा सिक्स लेन सड़क तैयार हो जाएगी। स्थानीय लोग इसे क्षेत्रीय विकास और यातायात सुगमता के लिए महत्वपूर्ण कदम बता रहे हैं। सिक्स लेन सड़क बन जाने से शहर में आवाजाही आसान होगी और आसपास के गांवों तथा व्यापारिक क्षेत्रों को भी नई दिशा मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण पूरी होने पर शेरघाटी और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, जिससे समय की बचत और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

Views: 18
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND