सहरसा। के काशनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां पोखर में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान असनही वार्ड 10 निवासी सचिन मुखिया के बेटे अभिषेक कुमार (9) और अनिल मुखिया की बेटी खुशबू कुमारी (7) के रूप में हुई है। यह घटना सोनवर्षा राज प्रखंड क्षेत्र की बताई जा रही है।मृतका खुशबू के पिता अनिल मुखिया ने बताया कि घर से महज 100 मीटर दूर स्थित पोखर में यह हादसा हुआ। खुशबू शौच के लिए पोखर के पास गई थी और अचानक गहरे पानी में चली गई। उसे डूबता देख उसके चचेरे भाई अभिषेक ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव में बह गया।
गांववालों ने 2 घंटे बाद निकाला शव
घटना को देख खुशबू की बड़ी बहन सपना ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर करीब 2 घंटे बाद दोनों बच्चों के शव पोखर से बाहर निकाले, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।काशनगर थानाध्यक्ष विक्की रविदास ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
