पटना: पुनपुन में तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत, सड़क जाम
पटना। पटना जिले के पुनपुन इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद सड़क पर उग्र प्रदर्शन, ट्रक में तोड़फोड़
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया और ट्रक में जमकर तोड़फोड़ की। घंटों तक हाईवे जाम रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मृतकों की पहचान, ट्रक चालक फरार
हादसे में मारे गए युवकों की पहचान ई-रिक्शा चालक धर्मेंद्र पासवान (20) और यात्री आकाश पासवान (19) के रूप में हुई है। दोनों मदारपुरा गांव के रहने वाले थे। ग्रामीणों के अनुसार, यह हादसा मदारपुरा हाईवे पर हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आकर ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही दो लोगों की जान चली गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
प्रशासन ने दिया आर्थिक सहायता का भरोसा
पुनपुन थाना प्रभारी बेबी कुमारी ने बताया कि एक युवक की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी मानेन्द्र प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को तत्काल 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।
इलाके में दहशत, पुलिस कर रही जांच
इस सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों में दहशत है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर ट्रकों की गति को नियंत्रित किया जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
About The Author
