बिहार विधानसभा में बजट सत्र के तीसरे दिन हंगामे के आसार

बिहार विधानसभा में बजट सत्र के तीसरे दिन हंगामे के आसार

पटना। बिहार विधानसभा में मंगलवार को बजट सत्र के तीसरे दिन भी हंगामे की संभावना जताई जा रही है। सत्र की शुरुआत प्रश्नोत्तर काल से होगी, जिसके बाद सरकार छह अहम नियमावलियों को सदन में प्रस्तुत कर सकती है। वित्त मंत्री सम्राट चौधरी राज्य की जीएसटी रिपोर्ट समेत अन्य विभागों की रिपोर्ट भी पेश करेंगे।

विपक्ष के तीखे सवालों का सामना करेगी सरकार

सदन में सत्ता पक्ष को विपक्ष के तीखे सवालों का सामना करना पड़ सकता है। सोमवार को बजट पेश होने के बाद विपक्ष ने सरकार पर जमकर निशाना साधा था। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बजट को 'झूठ और जुमलों की स्याही से लिखा भाषण' करार दिया और कहा कि सरकार बजट को बढ़ा तो रही है, लेकिन राजस्व सृजन में विफल रही है।

बजट पर डिप्टी सीएम और सीएम की प्रतिक्रिया

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बजट को 'विकसित बिहार' की दिशा में एक ठोस कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस बार का बजट पिछले वर्ष की तुलना में 38 हजार 100 करोड़ रुपये अधिक है, जिससे कृषि, महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता और अधोसंरचना विकास को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह 'न्याय के साथ विकास' के संकल्प को मजबूत करेगा। उन्होंने राज्य की 14.5 प्रतिशत विकास दर का हवाला देते हुए कहा कि सरकार रोजगार और आधारभूत संरचना विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।

परिवहन और जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट होगी पेश

आज के सत्र में परिवहन विभाग मोटर वाहन करारोपण अधिनियम, 1994 की अधिसूचना और मोटरयान अधिनियम, 1988 में संशोधन से जुड़ी नियमावली सदन के समक्ष रखेगा। वहीं, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी राज्य के बांधों की सुरक्षा रिपोर्ट पेश कर सकते हैं।

Views: 6
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND