पटना में CM नीतीश ने 59 हजार शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा दिया, मंच से मंत्रियों को दिए निर्देश
पटना। पटना में शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 59,028 नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा दिया। इस दौरान शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्होंने मंच से मंत्रियों को भी सख्त निर्देश दिए। अपने संबोधन के दौरान CM नीतीश कुमार ने मंच पर बैठे मंत्रियों की ओर इशारा करते हुए कहा- "आप लोग मंत्री हैं, जरा खड़ा हो जाइए। ठीक से सब जगह काम करवाइए। समझ गए न?" मुख्यमंत्री के इस निर्देश के बाद सभी मंत्री खड़े हो गए। हालांकि, बाद में उन्होंने कहा कि "सिर्फ जिनका विभाग है, उन्हें खड़ा होने को कहा था" इसके बाद मुख्यमंत्री ने शिक्षा मंत्री सुनील कुमार सिंह की ओर इशारा करते हुए सख्त लहजे में कहा- "ऐ, खड़ा हो। आपको जानबूझकर हमने ये विभाग दिया है, ठीक से काम करवाइए।" मुख्यमंत्री के इस अंदाज से वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए।
महिला शिक्षकों का बढ़ाया हौसला
नियुक्ति पत्र देने के दौरान महिला शिक्षिकाएं चुपचाप खड़ी थीं। इस पर CM नीतीश कुमार ने उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा- "आप लोग क्यों चुप हैं? हम लोगों ने महिलाओं को कितना आगे बढ़ाया है। आप लोग भी खड़े होकर मुस्कुराइए। देखिए कितना काम हो रहा है।
59028 शिक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने सक्षमता परीक्षा-2 में सफल 59,028 शिक्षकों को विशिष्ट शिक्षक के रूप में नियुक्ति पत्र दिया। अब ये शिक्षक राज्यकर्मी बनकर विशिष्ट शिक्षक का दर्जा प्राप्त करेंगे।
- 55,845 प्राथमिक शिक्षक
- 2,532 माध्यमिक शिक्षक
- 651 उच्च माध्यमिक शिक्षक
यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष में आयोजित किया गया, जहां हजारों शिक्षकों ने अपना नियुक्ति पत्र प्राप्त किया और राज्यकर्मी बनने की नई शुरुआत की।
About The Author
