अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025: बिहार में गांव से शहर तक गूंजा योग का संदेश, स्वस्थ बिहार का लिया संकल्प

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025: बिहार में गांव से शहर तक गूंजा योग का संदेश, स्वस्थ बिहार का लिया संकल्प

पटना। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बिहार समेत पूरे देश में व्यापक स्तर पर योगाभ्यास का आयोजन किया गया। राजधानी पटना से लेकर प्रखंडों और पंचायतों तक लोगों ने योग के जरिए स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। छोटे-बड़े मैदानों, स्कूलों, सामुदायिक भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पटना के गांधी मैदान मसौढ़ी में आयोजित मुख्य योग कार्यक्रम में गोल्ड मेडलिस्ट योग गुरु दिलीप कुमार ने लोगों को कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी जैसे योग आसनों का अभ्यास कराया और स्वस्थ जीवन के टिप्स दिए। उन्होंने कहा योग केवल शरीर का व्यायाम नहीं, बल्कि यह स्वस्थ रहने की कला और विज्ञान है। गुरु दिलीप ने बताया कि सरकार द्वारा योग को खेलों में शामिल किए जाने के बाद यह एक करियर विकल्प भी बन गया है।अब योग में मेडल जीतने पर युवाओं को नौकरी मिलने का रास्ता खुला है। योगाचार्य विश्वरंजन ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया अस्थिरता और तनाव के दौर से गुजर रही है। ऐसे में योग मन को शांति, शरीर को ऊर्जा और आत्मा को संतुलन देता है। उन्होंने सभी से अपील की कि हर व्यक्ति को सुबह 30 मिनट योग के लिए जरूर निकालना चाहिए।

'योग के जरिए दुनिया में चमका भारत का नाम': ऋतुराज सिन्हा

भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि आज से 11 साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की नींव रखी गई। आज भारत की पहचान योग के रूप में पूरे विश्व में हो रही है। उन्होंने कहा कि बिहार स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा पंचायत स्तर तक योग कार्यक्रमों का आयोजन जन जागरूकता की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है। ऋतुराज ने ‘फिट इंडिया, डेवेलप इंडिया’ का नारा देते हुए कहा कि युवा अगर योग को अपनाएं, तो आने वाले समय में बिहार और भारत दोनों स्वास्थ्य और विकास के नए मानक स्थापित करेंगे।

बिहार का "बिहार स्कूल ऑफ योगा" आज विश्व स्तर पर योग के प्रसार का प्रमुख स्रोत माना जाता है। मुंगेर स्थित यह संस्थान योग शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। ऐसा माना जाता है कि योग का वैश्विक विस्तार यहीं से शुरू हुआ था।राज्य सरकार ने योग दिवस के अवसर पर नगर निगमों, स्कूलों और पंचायतों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कराया। आपदा प्रबंधन विभाग, शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य मंत्रालय ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाया।

Views: 7
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND