सहरसा-लहेरिया सराय ट्रेन में महिला ने बच्चे को दिया जन्म, रेल मंत्री ने की तारीफ
दरभंगा। सहरसा-लहेरिया सराय ट्रेन संख्या 05548 में यात्रा कर रही गर्भवती महिला यात्री ने चलती ट्रेन में एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। महिला की पहचान मीना कुमारी के रूप में हुई है। घटना के समय, महिला को अचानक प्रसव पीड़ा होने लगी, जिसके बाद उसने ट्रेन में ही शिशु को जन्म दिया। सूचना मिलते ही दरभंगा जंक्शन पर तैनात रेलवे अस्पताल की डॉ. ऋचा मिश्रा और सहायक कर्मी चिंटू ने तुरंत मदद की और महिला को ट्रेन से उतारकर रेलवे अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उन्हें बेहतर देखभाल के लिए डीएमसीएच (दरभंगा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल) रेफर किया गया। डीआरएम (समस्तीपुर) कार्यालय ने इस अनोखी घटना की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा की, जिसमें डॉ. ऋचा मिश्रा और आरपीएफ की एक महिला सिपाही बच्चे को गोद में लेकर मुस्कुराते हुए नजर आ रही हैं। इस तस्वीर को शेयर करने पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी इसे लाइक किया है, जिससे घटना को और भी सराहना मिली है।
About The Author
