औरंगाबाद में ट्रेन की चपेट में आया युवक, मौत मार्च 2025 में होनी थी शादी

औरंगाबाद में ट्रेन की चपेट में आया युवक, मौत मार्च 2025 में होनी थी शादी

रफीगंज। औरंगाबाद के रफीगंज में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय गया रेलखंड के रफीगंज रेलवे स्टेशन के पास एक 25 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा पोल संख्या 506/31 और 506/29 के बीच हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही राहगीरों ने आरपीएफ को सूचित किया। सूचना मिलने पर आरपीएफ एएसआई नितेश कुमार, सिपाही राणा रणधिर सिंह, कपील कुमार सहित अन्य रेल पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ ही देर बाद मृतक की पहचान रफीगंज थाना क्षेत्र के पोगर पंचायत के सिंघी गांव निवासी श्याम नारायण मिस्त्री के बेटे विकास कुमार (25) के रूप में की गई। मृतक की मां रेणु देवी, चाचा शिवपूजन मिस्त्री और अन्य ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की पहचान की। ग्रामीणों ने बताया कि विकास रफीगंज गोह पथ के डिहुरी पेंमा गांव में एक दुकान खोलकर बाइक मिस्त्री का काम करता था। वह हर दिन तिवारी बीघा होकर दुकान जाता था। सोमवार सुबह करीब 7 बजे वह अपने गांव से दुकान जाने के लिए निकला था, लेकिन सुबह 9 बजे घटना की सूचना मिली कि विकास के साथ हादसा हो गया है। परिजनों ने बताया कि विकास को दुकान में किसी का बाइक सर्विस करना था। इसके लिए वह तिवारी बीघा में अपनी बाइक खड़ी कर रफीगंज बाजार सामान लेने गया था। लौटते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया। घटनास्थल से मोबिल और अन्य सामग्री बरामद हुई है, जिसे विकास ने खरीदा था। मृतक के पिता शिवरीनारायण मिस्त्री कोलकाता में मजदूरी का काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही वे अपने गांव लौट रहे हैं।
विकास की मार्च 2025 में होने वाली थी शादी

मृतक विकास की शादी मार्च 2025 में तय थी। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके दो भाई आकाश और सचिन अभी पढ़ाई कर रहे हैं। विकास की असमय मौत ने परिवार और गांव को गहरे शोक में डाल दिया है। घटनास्थल पर बाइक से संबंधित सामग्री भी पाई गई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि विकास दुर्घटना के समय बाजार से लौट रहा था। GRP ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Views: 6
Tags:

About The Author

Saket Kumar Picture

साकेत कुमार, BJMC 

उप-सम्पादक

सोन वर्षा वाणी 

7766886433

Related Posts