औरंगाबाद: मिट्टी का मकान भरभराकर गिरा, मलबे में दबकर 12 वर्षीय बच्ची की मौत
मां समेत तीन बच्चे घायल, देर रात हादसे के बाद ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान
औरंगाबाद। औरंगाबाद के ओबरा थाना क्षेत्र के सिंहुड़ी गांव में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में मिट्टी का पुराना मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में सो रहा पूरा परिवार दब गया। हादसे में 12 वर्षीय बच्ची बबली कुमारी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां समेत तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकले। परिवार के मलबे में दबे होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और बिना देर किए बचाव कार्य शुरू कर दिया। काफी प्रयास के बाद मलबा हटाकर परिवार के सभी सदस्यों को बाहर निकाला गया। हालांकि, बबली को नहीं बचाया जा सका। हादसे में पूनम देवी के अलावा नंदनी कुमारी, रिमी कुमारी और कुंदन कुमार घायल हुए हैं। ग्रामीणों ने सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल औरंगाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बबली कुमारी को मृत घोषित कर दिया। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
बताया गया कि पूनम देवी अपने चार बच्चों के साथ पुराने मिट्टी के मकान में सोई हुई थीं। देर रात अचानक मकान की दीवार और छत गिर गई, जिससे कमरे में सो रहा पूरा परिवार मलबे में दब गया। हादसे की खबर फैलते ही सिंहुड़ी गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। बच्ची की मौत से परिवार के साथ ग्रामीण भी सदमे में हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि मकान के मलबे में दबने से एक बच्ची की मौत हुई है, जबकि घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पूर्व विधायक ऋषि यादव ने घटना पर दुख जताते हुए जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और पक्का मकान उपलब्ध कराने की मांग की है।
About The Author
